रीवाः हर घर तिरंगा यात्रा में देश भक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा शहर

WhatsApp Channel Join Now
रीवाः हर घर तिरंगा यात्रा में देश भक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा शहर


रीवा, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में हर घर तिरंगा अभियान में सोमवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। विवेकानंद पार्क कालेज चौराहा से मानस भवन, शिल्पी प्लाजा बाजार, प्रकाश चौराहा, स्टेच्यू चौराहा, खन्ना चौराहा, वेंकट तिराहा होते हुए तिरंगा यात्रा का जयस्तंभ चौक पर समापन हुआ।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करते हुए रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान और शान का प्रतीक है। इस तिरंगे को हाथ में लेकर हजारों वीरों ने देश के लिए अपना प्राणों का बलिदान किया। रीवा संभाग के सभी जिलों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तिरंगा अभियान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके देश के शहीदों का नमन किया जा रहा है। तिरंगा हमें राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है।

विवेकानंद पार्क से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के गीतों और नारों की धूम रही। हर हाथ में लहराते हुए तिरंगे देशप्रेम का संदेश दे रहे थे। तिरंगा यात्रा में 50 फीट लंबा तिरंगा प्रदर्शित किया गया। इसके साथ-साथ महाराणा प्रताप और भारत माता का भेष रखे युवाओं ने तिरंगा रैली की शोभा को चौगुना कर दिया। रैली में प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के ज्ञान रथ को तिरंगा से सजाकर देशभक्ति का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story