गोवर्धन पूजा गौ सेवा और प्राकृतिक संरक्षण का संदेश देती हैः उपमुख्यमंत्री शुक्ला
रीवा, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में सोमवार को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने लक्ष्मणबाग गौशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा गौ सेवा और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देती है। भगवान कृष्ण ने गोपालकों की रक्षा करने और इंद्र के अहंकार को मिटाने के लिए गोवर्धन पर्वत धारण किया। गौ माता में देवी देवताओं का वास होता है। गौ माता की सेवा और पूजा से ही भारत माता की जय होगी।
उप मुख्यमंत्री ने गौ माता की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गौ माता को भंडारा कराया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए तथा गोपालकों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार के विजेताओं की राशि तथा प्रदेश की 3000 से अधिक गौशालाओं के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपए की अनुदान राशि सिंगल क्लिक से प्रदान की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से चतुर्दिक विकास कर रहा है। यह विकास ईश्वर की कृपा और गौ माता के आशीर्वाद से ही हो रहा है। सड़कों पर बेसहारा और असहाय गौ माता के आश्रय और सेवा के लिए लक्ष्मणबाग, बसावन मामा गौ अभ्यारण और हिनौती गोधाम में समुचित व्यवस्था की गई है। गौ माता की पवित्रता का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि उनके गोबर और गोमूत्र का उपयोग पूजा में होता है। हमें स्वयं को स्वस्थ रखने और भावी पीढ़ी का जीवन सुरक्षित रखने के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना अनिवार्य है। प्राकृतिक खेती का आधार गोपालन और गौ सेवा ही है। गौ माता के गोबर और गोमूत्र से बने जैविक खाद जैविक कीटनाशक का उपयोग जब हम करेंगे तो माटी का स्वास्थ्य ठीक होगा। इस विष मुक्त खेती से प्राप्त अनाज से हम सब स्वस्थ रहेंगे। सरकार परंपरागत सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सनातन संस्कृति देव भाषा संस्कृत तथा गौ माता की सेवा से ही भारत विश्व गुरु बनेगा। जब भारत विश्व का नेतृत्व करेगा तभी विश्व में शांति होगी।
समारोह में प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य वेंकटेश बाला शास्त्री ने कहा कि गौ माता की उत्पत्ति समुद्र मंथन से हुई है। दीपावली में प्रातः गो पूजा करने का विधान है। इसके बाद लक्ष्मी माता की संध्या काल में पूजा की जाती है। गो पूजा करने से ही लक्ष्मी माता प्रसन्न होती है। बेसहारा गौ माता के लिए गौशालाएं और गो अभ्यारण्य का निर्माण सरकार की सराहनीय पहल है। समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि हमारे प्राचीन धार्मिक ग्रंथो में गौ माता का महत्व बताया गया है। गौ माता अपने बछड़े के हिस्से का दूध देकर मानव के शिशुओं का लालन-पालन करती है। गोपालन प्राकृतिक खेती का आधार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

