रीवाः जूनियर डाक्टरों और छात्रों के प्रदर्शन के बाद अंततः हुआ डॉ मनोज इन्दुलकर का स्थानांतरण
रीवा, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय के प्राध्यापक और पूर्व डीन डॉ. मनोज कुमार इंदुलकर का स्थानांतरण बुधवार को रीवा से सतना कर दिया गया है। मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार उन्हें प्रशासनिक कार्य सुविधा की दृष्टि से रीवा से स्थानांतरित कर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सतना में प्राध्यापक, जनरल मेडिसिन के पद पर भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि यह तबादला अचानक नहीं हुआ है। इसके पीछे पिछले दिनों सामने आया एक गंभीर मामला है। हाल ही में डॉ. मनोज इंदुलकर पर एक महिला चिकित्सक और छात्रा द्वारा छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे। आरोप लगते ही महाविद्यालय में हलचल मच गई थी। जूनियर डॉक्टरों और छात्रों ने इस मामले को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था और दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
छात्रों और जूनियर डॉक्टरों का कहना था कि इस तरह के आरोपों के बाद महाविद्यालय का माहौल खराब हो रहा है और महिला चिकित्सकों व छात्राओं में भय का वातावरण बन गया है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने शासन और महाविद्यालय प्रबंधन से मामले में तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की थी।
प्रदर्शन और आरोपों के बाद शुरुआती कार्रवाई के तहत डॉ. इंदुलकर को विभागाध्यक्ष के पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह डॉ. अनुराग चौरसिया को जनरल मेडिसिन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस समय यह कहा गया था कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए यह कदम उठाया गया है। अब उसी मामले में अगली बड़ी कार्रवाई के रूप में उन्हें रीवा से सतना स्थानांतरित कर दिया गया है। इस आदेश के बाद महाविद्यालय में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
शासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य शासन द्वारा प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से डॉ. मनोज कुमार इंदुलकर को रीवा से स्थानांतरित कर सतना में प्राध्यापक, जनरल मेडिसिन के पद पर आगामी आदेश तक पदस्थ किया जाता है। यह आदेश भोपाल मंत्रालय से जारी हुआ है और मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से आदेशानुसार जारी किया गया है।
इस तबादले के बाद जूनियर डॉक्टरों और छात्रों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई छात्र इसे अपनी लड़ाई की पहली जीत बता रहे हैं, तो वहीं कई लोगों का कहना है कि सिर्फ तबादला ही काफी नहीं है। आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, महाविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि शासन के आदेश का पालन किया जाएगा और विभाग की व्यवस्था पहले की तरह सुचारू रूप से चलती रहेगी।
फिलहाल, सबकी नजर इस बात पर है कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और क्या आरोपों की जांच पूरी तरह से सामने आती है। रीवा की आवाज़ इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

