रीवा में दीपावली की रात जश्न के बीच चली गोली, 23 वर्षीय युवक घायल

WhatsApp Channel Join Now
रीवा में दीपावली की रात जश्न के बीच चली गोली, 23 वर्षीय युवक घायल


रीवा, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में दीपावली की रात आतिशबाजी और जश्न के बीच फायरिंग की घटना सामने आई। समान थाना क्षेत्र के रतहरा में आठ नवंबर की रात हुई गोलीबारी में 23 वर्षीय युवक कृष्णम सिंह घायल हो गया। गोली उसके बाएं पैर में लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है।

जश्न के दौरान चली गोली

घायल कृष्णम सिंह इंद्रा नगर, समान का निवासी है। बताया जा रहा है कि रतहरा में कुछ युवक एकत्र होकर दीपावली मना रहे थे। इसी दौरान हंसी-मजाक और आतिशबाजी के बीच अचानक गोली चल गई, जो कृष्णम के बाएं पैर में जा लगी।

समान थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि गोली किन परिस्थितियों में चली, हथियार किसके पास था और फायरिंग किसने की, इसकी जांच की जा रही है। घायल युवक के बयान और मौके पर मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ के बाद घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

अवैध हथियारों की उपलब्धता पर उठे सवाल

दीपावली की रात हुई इस घटना ने शहर में हथियारों की उपलब्धता को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी था या अवैध कट्टा। हथियार कहां से आया और किसने उसका इस्तेमाल किया, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

शहर से गांव तक फायरिंग की घटनाएं चिंता का विषय

रीवा में गोलीबारी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई जा रही है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुरानी रंजिश और आपसी विवाद में फायरिंग की घटनाएं सामने आती रही हैं। रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और आरोपी की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774590 Articles

Share this story