रीवाः उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा के विकाश कार्यों की समीक्षा की
रीवा, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गुरुवार को रीवा प्रवास के दौरान गौशाला निर्माण, पेयजल, सीवरेज और जल जीवन मिशन से जुड़े कार्यों की अलग-अलग बैठकों में समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध काम पूरा करने के निर्देश दिए।
हिनौती गौधाम और बासमान मामा गौवंश वन्य विहार की समीक्षासर्किट हाउस रीवा में हुई बैठक में उप मुख्यमंत्री ने हिनौती गौधाम के निर्माणाधीन गौशाला शेड को समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चारागाह विकास और वृक्षारोपण के काम को प्राथमिकता से कराने को कहा।
पेयजल और सीवरेज प्रोजेक्ट की समीक्षानगर निगम रीवा में उप मुख्यमंत्री ने अमृत योजना के तहत बन रही 6 पानी की टंकियों का काम 30 जून तक पूरा कर आपूर्ति शुरू करने को कहा। उन्होंने सीवरेज निर्माण से क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल रेस्टोरेशन और घरों में सीवर कनेक्शन का काम 2 महीने में पूरा करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षाउप मुख्यमंत्री ने कहा कि एकल नल जल योजनाओं का संचालन और संधारण ग्राम पंचायतों से कराया जाए। इसके लिए सरपंचों और पीएचई विभाग के अधिकारियों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को पेयजल व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने और समूह नल जल योजनाओं को शीघ्र पूरा कर हर गांव में पानी पहुंचाने को कहा।
बैठक में विंध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

