रीवा की बरदहा घाटी में लहूलुहान मिला शिक्षक का शव, हत्या की आशंका पर परिजनों और छात्रों ने किया चक्काजाम
रीवा, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सिरमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा-डभौरा मार्ग स्थित बरदहा घाटी में सोमवार सुबह एक सरकारी शिक्षक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना मान रही है, जबकि परिजनों ने सुनियोजित हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। घटना से आक्रोशित परिजनों, स्थानीय नागरिकों और स्कूली छात्रों ने सिरमौर के मुख्य चौराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह बरदहा घाटी से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवक को खून से लथपथ और अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल सिरमौर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। बाद में अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान भानु प्रकाश गुप्ता के रूप में की। वह मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर के निवासी थे और वर्तमान में सिरमौर स्थित सीएम राइज स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे।
शव की हालत देखकर भड़के परिजन
शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही परिजन सिरमौर पहुंचे। शव पर गंभीर चोटों के निशान देखकर उन्होंने इसे सड़क हादसा मानने से इनकार कर दिया और हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद उनके घटनास्थल पर पहुंचने का इंतजार नहीं किया गया और शव को तत्काल वहां से हटाकर अस्पताल पहुंचा दिया गया। उन्होंने इसे साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।
शिक्षक की मौत पर सड़क पर उतरे छात्र
परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर सिरमौर के मुख्य चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। अपने शिक्षक की संदिग्ध मौत से आक्रोशित सीएम राइज स्कूल के छात्र और स्थानीय ग्रामीण भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। चक्काजाम के कारण रीवा-डभौरा मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हंगामे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

