योग के माध्यम से विश्व कल्याण का संदेश, रीवा में जुटे देश-विदेश के विशेषज्ञ
रीवा, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा के योग एवं चेतना केंद्र द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, एक चेतना : विश्व कल्याण के लिए योग विषय पर वैश्विक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। 13 से 21 जून तक चलने वाले इस सम्मेलन का आयोजन उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग, मध्यप्रदेश शासन तथा वैश्विक चेतना संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कुलगुरु के निर्देशानुसार पंडित शंभूनाथ शुक्ल सभागार में आयोजित उद्घाटन सत्र में योग एवं चेतना केंद्र के प्रभारी आचार्य प्रो. रामभूषण मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, अधिकारी, अतिथि विद्वान एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सात दिवसीय वैश्विक चेतना अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के प्रथम दिवस पर भारत से स्वामी चिदानंद पुरी, श्रीलंका से स्वामी गुणातीत आनंद तथा अजरबैजान से गफ्फार ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने योग साधना, आत्म-अवलोकन के विभिन्न आयामों तथा रीढ़ की हड्डी को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखने वाले योगाभ्यासों की जानकारी प्रतिभागियों को दी।
इसके अलावा वियतनाम से ऑनलाइन जुड़े विशेषज्ञ डॉ. तेजवारो तेरो, शुभम मिश्रा और जामिया ने “तनाव प्रबंधन हेतु योग” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने योग के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपाय बताए और प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
कार्यक्रम में योग के जरिए शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य संवर्धन के साथ वैश्विक कल्याण का संदेश दिया गया। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन के आगामी सत्रों में विभिन्न देशों के योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और शोधकर्ता अपने अनुभव एवं शोध साझा करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य राजेश सिंह एवं डॉ. अल्पी सिंह ने किया। तकनीकी समन्वय एवं व्यवस्थाओं में डॉ. शेषपाल नामदेव, डॉ. के.के. जायसवाल तथा डॉ. सुनील तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

