मप्रः तीन मंत्रियों ने की महाकालेश्वर कॉरिडोर लोकार्पण कार्यक्रम की समीक्षा

मप्रः तीन मंत्रियों ने की महाकालेश्वर कॉरिडोर लोकार्पण कार्यक्रम की समीक्षा


उज्जैन, 23 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, वित्त और उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा तथा उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक लेकर आगामी 11 अक्टूबर को भगवान महाकालेश्वर कॉरिडोर लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को समीक्षा की। बैठक में 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की चर्चा की गई। कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि यह आयोजन पूर्ण रूप से धार्मिक आयोजन होगा। इस कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया जायेगा। मुख्यमंत्री की यह इच्छा है कि कार्यक्रम के आयोजन की समिति बने। समिति में उज्जैन के प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक और सन्तों को शामिल किया जाये। इसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति के सदस्य हेतु नामांकन कलेक्टर को सौंपे जाएं। समाज का हर वर्ग इस कार्यक्रम से जुड़ना चाहिये। आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री द्वारा समिति की बैठक भी ली जायेगी।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि महाकालेश्वर कॉरिडोर को एक अच्छा-सा नाम दिया जाना चाहिये। इसके लिये आयोजन समिति के सदस्यों से कई सुझाव प्राप्त किये गये। इनमें सदस्यों द्वारा रूद्रपथ, श्वेताद्री, महाकाल लोक, महाकाल देवस्थान परिक्षेत्र, महाकाल पथ, महाकाल विथिक, शिवांगन, महाकाल वाटिका, अवंतिका पथ, महाकाल मण्डप आदि नाम सुझाये गये। मंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर पूरे देश में अपने आप में अदभुत बनेगा। शहर के सभी मन्दिरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, सजावट का कार्य किया जाये। लोकार्पण समारोह के दिन हर घर में दीप प्रज्वलित किये जाएं। उत्सव का वातावरण बने। पूरे मध्य प्रदेश के प्रमुख मन्दिरों में भी उस दिन कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। महाकालेश्वर कॉरिडोर लोकार्पण कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किया जायेगा। पूरा देश इस कार्यक्रम से जुड़ेगा। धार्मिक नगरी के अलावा उज्जैन पर्यटन का केन्द्र भी बनेगा।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम अच्छा और प्रभावी होना चाहिये। हर समाज, हर वर्ग सामाजिक समरसता के साथ इस कार्यक्रम से जुड़े। बैठक में 11 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों के स्वरूप पर चर्चा की गई। साथ ही 11 अक्टूबर के पूर्व कुछ दिन पहले से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाने पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रभारी मंत्री देवड़ा ने कहा कि यह एक बहुत भव्य आयोजन होने जा रहा है। 5 अक्टूबर से उज्जैन जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये, ताकि एक उत्सव का वातावरण निर्मित हो सके। कार्यक्रम में उज्जैन, इन्दौर और निमाड़ के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जायेगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से सरपंचों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जायेगा।

मंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 5 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर भगवान महाकालेश्वर की सवारी निकाली जाती है। इस बार यह सवारी शाही सवारी की तरह निकाली जायेगी। इसमें बहुत सारे बैण्ड और झांकियां भी समाहित होंगे। जनप्रतिनिधि सवारी में शामिल होंगे तथा 11 अक्टूबर के लिये जनता को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देंगे। उज्जैन शहर के प्रत्येक घर में परिवार के मुखिया के नाम से पीले चावल देकर लोकार्पण कार्यक्रम का निमंत्रण दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि भगवान महाकालेश्वर के उज्जैन में प्राकट्य पर आधारित नाटक का मंचन किया जायेगा। स्थानीय कलाकारों को कार्यक्रम में शामिल किया जायेगा। रामघाट और आसपास के क्षेत्र में विशेष साज-सज्जा की जायेगी। शहर में प्रवेश के मुख्य द्वारों पर भी साज-सज्जा की जायेगी।

सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि उज्जैन के गांव-गांव से कलश यात्रा निकाली जाये। महापौर ने कहा कि सभी वार्डों में सुन्दर काण्ड का पाठ किया जाये। लोकार्पण समारोह को हर्षोल्लास से मनाये जाने के लिये वार्डवार समिति बनाई जाये। उज्जैन के प्रत्येक नागरिक को लगे कि यह कार्यक्रम उनका कार्यक्रम है। सभी नागरिक भावनात्मक रूप से इससे जुड़ें।

मंत्री सिंह एवं सांसद फिरोजिया ने किया भगवान महाकाल के दर्शन और पूजन-अर्चन

बैठक के बाद नगरीय विकास और आवास मंत्री भूपेंद्रसिंह एवं सांसद अनिल फिरोजिया द्वारा भगवान महाकालेश्वर के दर्शन और पूजन-अर्चन किया गया। मंत्री सिंह द्वारा नन्दी हॉल से भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किये गये। इस दौरान एडीएम संतोष टैगोर, एसडीएम संजीव साहू, महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / डा. मयंक

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story