इंदौर में जल संकट के खिलाफ सड़क पर उतरे रहवासी, बिलावली तालाब में नर्मदा का पानी भरने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में जल संकट के खिलाफ सड़क पर उतरे रहवासी, बिलावली तालाब में नर्मदा का पानी भरने की मांग


इंदौर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में जल संकट को लेकर अब रहवासियों का आक्रोश सड़क पर दिखाई देने लगा है। वार्ड-77 के लिंबोदी क्षेत्र में पानी की समस्या से परेशान बड़ी संख्या में लोग रविवार को बिलावली तालाब पहुंचे। यहां उन्होंने तालाब को नर्मदा के पानी से भरने की मांग को लेकर मानव श्रृंखला बनाई और प्रशासन तथा नगर निगम से जल्द स्थायी समाधान करने की अपील की। प्रदर्शन में बुजुर्गों से लेकर महिलाओं, युवाओं और बच्चों तक ने भागीदारी की।

रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में जल संकट लगातार गहराता जा रहा है। करीब 25 प्रतिशत बोरिंग सूख चुके हैं। नलों से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है और जरूरत के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में समय रहते पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ी आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रहवासियों ने मांग की कि बिलावली तालाब को नर्मदा के पानी से भरने की व्यवस्था की जाए। इससे क्षेत्र में जल उपलब्धता और भूजल स्तर को लेकर राहत मिलने की उम्मीद है। उनका कहना है कि यह मांग केवल मौजूदा जल संकट तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों से भी जुड़ी है।

15 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन तेज करेंगे

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को समस्या के समाधान के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। रहवासियों की मांग है कि इस अवधि में पानी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि स्थायी समाधान तैयार करने में समय लगता है तो तब तक सरकारी टैंकरों के माध्यम से वार्ड-77 के प्रत्येक घर तक पानी पहुंचाया जाए। उनका कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी जरूरत के लिए लोगों को परेशान नहीं होना चाहिए और प्रत्येक परिवार तक पर्याप्त पानी पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

'पानी हमारा अधिकार, हर घर तक पहुंचे'

रहवासी नरेश सिहाग ने बताया कि पानी की समस्या किसी एक मोहल्ले या परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोग इससे प्रभावित हैं। लंबे समय से रहवासी नलों में पर्याप्त पानी नहीं आने और टैंकरों पर निर्भरता के कारण परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बिलावली तालाब को नर्मदा के पानी से भरने की व्यवस्था क्षेत्र के भविष्य के लिए जरूरी है। लोगों ने एकजुट होकर अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।

अगले रविवार फिर प्रदर्शन, इसके बाद धरने की तैयारी

रहवासियों ने आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति भी तय की है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस मुहिम से जुड़ने और दूसरे परिवारों को भी जागरूक करने की अपील की। उनका कहना है कि यदि 15 दिन के भीतर पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अगले रविवार फिर सांकेतिक प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद बिलावली तालाब पर धरना दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर चक्काजाम भी किया जाएगा। प्रदर्शन में देवेंद्र वर्मा, सचिन भंडारी, आशीष शुक्ला, आनंद गर्ग, पराग सोनी, शैलेन्द्र असाटी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781520 Articles

Share this story