अनूपपुर: जनआवश्यकता के अनुरूप क्षतिग्रस्त सर्विस डिलीवरी प्वाइंट तथा उनके पहुंच मार्गों को दुरुस्त करायें – मंत्री जायसवाल

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: जनआवश्यकता के अनुरूप क्षतिग्रस्त सर्विस डिलीवरी प्वाइंट तथा उनके पहुंच मार्गों को दुरुस्त करायें – मंत्री जायसवाल


अनूपपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। जनआवश्यकता के अनुरूप क्षतिग्रस्त सर्विस डिलीवरी प्वाइंट तथा उनके पहुंच मार्गों को दुरुस्त करायें निर्माण कार्यों से आमजन को बेहतर सुविधा मिलना हो, इसके लिए संबंधित एजेंसियां कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराएं।

यह बात प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल शनिवार को जिले की निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर जनसुविधा से जुड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में कटकोना से ऊरा मार्ग पर प्रस्तावित पुल निर्माण की जानकारी लेते हुए सेतु विभाग के माध्यम से निर्माण कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। भालूमाड़ा से राजनगर मार्ग का निर्माण निर्धारित क्रियान्वयन एजेंसी के माध्यम से शीघ्र कराने को कहा गया। इसी प्रकार दार सागर से भाद पहुंच मार्ग की स्वीकृति डीएमएफ मद से प्राप्त कर निर्माण कार्य कराए जाने के निर्देश दिए गए। कोतमा में 100 बिस्तरीय चिकित्सालय भवन का निर्माण निर्धारित एजेंसी एनएचएम के माध्यम से शीघ्र कराने को कहा गया।

मंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए घरों में नल कनेक्शन के लिए पाइप डालने के बाद सड़क एवं अन्य स्थानों के रेस्टोरेशन कार्य को अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड विजिट कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, कलेक्टर रत्नाकर झा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी सहित संबंधित निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story