राजगढ़ः गाड़गंगा नदी में श्रद्वालुओं ने लगाई डूबकी, 501 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः गाड़गंगा नदी में श्रद्वालुओं ने लगाई डूबकी, 501 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली


राजगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में मंगलवार को वारुणी योग के अवसर पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। कैवल्य योग आश्रम द्वारा आयोजित दूसरे अमृत स्नान कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने गाड़गंगा नदी में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस मौके पर 501 मीटर लंबी भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र में धार्मिक रंग घोल दिया।

आयोजन सुबह 10ः30 बजे बड़े मेला ग्राउंड से चुनरी यात्रा की शुरुआत के साथ शुरू हुआ। संत डॉ. रघुनाथानंद अवधूत महाराज सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर यात्रा में शामिल हुए। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने 501 मीटर लंबी चुनरी थामी और राजगढ़ रोड होते हुए बड़े पुल स्थित नदी तट तक पहुंचे। तट पर संत के लिए विशेष नाव की व्यवस्था की गई,जिसमें सवार होकर उन्होंने मंत्रोच्चारण के बीच अमृत स्नान की विधिवत शुरुआत की।

सुबह से ही गाड़गंगा नदी के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। लोगों ने नदी में पवित्र डुबकी लगाई और वारुणी योग के महत्व को समझते हुए धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। आयोजन को सफल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए। आपात स्थिति से निपटने हेतु होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम नाव के साथ मुस्तैद रही। आश्रम के अनुसार यह वर्ष का दूसरा अमृत स्नान था, जबकि तीसरा और अंतिम स्नान 2 अप्रैल को चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होगा। आगामी स्नान को लेकर श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story