रील बनाने के दौरान बाइक समेत पातालकोट की गहरी खाई में गिरा युवक, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
रील बनाने के दौरान बाइक समेत पातालकोट की गहरी खाई में गिरा युवक, तलाश जारी


छिंदवाड़ा, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पातालकोट क्षेत्र में बुधवार को बाइक पर रील बनाने के दौरान एक युवक बाइक समेत गहरी खाई में गिर गया। घटना चिमटीपुर विश्राम गृह के पास की बताई जा रही है। युवक पास के सिधौली गांव का निवासी बताया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण उसकी तलाश में पातालकोट की गहरी खाई में उतर गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बाइक पर सवार होकर रील बना रहा था। इसी दौरान वह बाइक समेत खाई में जा गिरा। पास में मौजूद कुछ युवाओं और बच्चों ने युवक को खाई में गिरते हुए देखा और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण युवक की तलाश के लिए खाई में उतर गए। पातालकोट का क्षेत्र अत्यंत गहरा और दुर्गम होने के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आ रही है। खबर लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।

बताया गया है कि घटना की जानकारी पुलिस तक नहीं पहुंची थी। ग्रामीण अपने स्तर पर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं। युवक की स्थिति और उसके बारे में विस्तृत जानकारी तलाश पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan

Share this story