कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं का प्राथमिकता से होगा निराकरण : मंत्री प्रहलाद पटेल

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं का प्राथमिकता से होगा निराकरण : मंत्री प्रहलाद पटेल


भोपाल, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

मंत्री पटेल ने कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत प्रकरणों की जानकारी संबंधित विभागों के अधिकारियों को देते हुए आवश्यक कार्रवाई जल्द सुनिश्चित करने को कहा। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई जरूरी थी, उन्हें शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। मंत्री पटेल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक जनसमस्या का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े विषयों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान कर उन्हें शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह भी उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story