रादुविवि में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल कार्यमुक्त; गुना में संभालेंगे पंजीयक का जिम्मा
जबलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल को कार्यमुक्त कर क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना भेज दिया गया है। वहां वे पंजीयक का दायित्व संभालेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग ने अक्टूबर 2026 इस संबंध में आदेश जारी किया था। शासन के निर्देश के परिपालन में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय प्रबंधन ने 5 अक्टूबर की पूर्वाह्न निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए डॉ. सोनवाल को कार्यमुक्त कर दिया।
रादुविवि के प्रशासनिक कामकाज को सुचारू बनाए रखने के लिए बायोसाइंस विभाग के आचार्य प्रो. एस.एस. सिंधु को आगामी आदेश तक कुलसचिव का दायित्व सौंपा गया है। इसके बाद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी अब प्रो. सिंधु संभालेंगे।
सोमवार सुबह हुई इस त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से विश्वविद्यालय सहित उच्च शिक्षा महकमे में हलचल तेज हो गई। शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के बाद स्थानीय स्तर पर बिना देरी के औपचारिकताएं पूरी की गईं। कार्यमुक्त किए जाने के बाद डॉ. सोनवाल को विदाई दी गई और वे गुना विश्वविद्यालय में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रवाना हो गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

