जबलपुरः रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में हुई दीक्षांत समारोह की फाइनल रिहर्सल

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में हुई दीक्षांत समारोह की फाइनल रिहर्सल


जबलपुर, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। समारोह की सभी औपचारिक प्रक्रियाओं का पूर्वाभ्यास वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक गरिमा के साथ किया गया। इस दौरान कुलगुरु कक्ष से समारोह स्थल तक दीक्षांत यात्रा भी निकाली गई।

दीक्षांत आयोजन समिति के संयोजक प्रो. राकेश बाजपेयी ने बताया कि राष्ट्रपति भवन से प्राप्त प्रोटोकॉल के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समारोह में 20 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। इसके बाद शेष स्वर्ण पदक एवं उपाधियां उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार द्वारा वितरित की जाएंगी।

विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में कुल 66 स्वर्ण पदक वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा 155 पीएचडी, 3 डी.लिट., 1 डीएससी तथा 1 मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। समारोह की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और विश्वविद्यालय प्रशासन ने सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि 21 जून को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में भारत की राष्ट्रपति एवं मुख्य अतिथि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। उनके आगमन और समारोह की व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए सभी प्रक्रियाओं का विस्तृत पूर्वाभ्यास कराया गया।

कुलगुरु ने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाता है। इसलिए आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story