जबलपुर : रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में महाकौशल विधि छात्र संघ का फूटा गुस्सा, 72 घंटे में रिजल्ट जारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
जबलपुर, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के एलएलबी तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने से छात्रों में भारी नाराजगी व्याप्त है। परीक्षा समाप्त हुए लगभग तीन माह बीत जाने के बावजूद परिणाम जारी नहीं किए जाने के विरोध में शुक्रवार को महाकौशल विधि छात्र संघ ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र परिणाम घोषित करने की मांग की।
महाकौशल विधि छात्र संघ के अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने बताया कि एलएलबी तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं करीब तीन महीने पहले संपन्न हो चुकी हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन अब तक परिणाम जारी नहीं कर पाया है। इससे विद्यार्थियों का अगला शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और वे आगामी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं।
संघ ने मांग की है कि एलएलबी तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम अगले 72 घंटे के भीतर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किए जाएं। साथ ही भविष्य में परीक्षाओं एवं परिणामों के लिए एक निश्चित समय-सीमा निर्धारित करते हुए अकादमिक कैलेंडर लागू किया जाए, ताकि छात्रों को इस प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
छात्र संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर निर्धारित समयावधि के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो वे विश्वविद्यालय परिसर में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। संघ का कहना है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

