रवीन्द्र भवन में गूंजा संगठन सशक्तिकरण का संकल्प, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
रवीन्द्र भवन में गूंजा संगठन सशक्तिकरण का संकल्प, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन संपन्न


रवीन्द्र भवन में गूंजा संगठन सशक्तिकरण का संकल्प, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन संपन्न


भोपाल, 17 अप्रैल (हि.स.)। भाेपाल स्थित रवीन्द्र भवन में शुक्रवार काे मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने के स्पष्ट संदेश के साथ संपन्न हुआ। यह सम्मेलन संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ता सशक्तिकरण और आगामी रणनीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण मंच बना।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन के साथ हुई, जिसके बाद राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी गई। अतिथियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके पश्चात सभी अतिथियों का सूत की माला से स्वागत किया गया। सम्मेलन में ब्लॉक अध्यक्षों की भूमिका, जिम्मेदारियों और संगठन में उनकी केंद्रीय भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। डॉ. संजय कामले ने आगामी “जनसंवाद सम्मेलनों” की रूपरेखा रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने पर जोर दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश स्तरीय ब्लॉक “जनसंवाद सम्मेलन” कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट कहा कि पिछले 25 वर्षों से सत्ता से बाहर रहने के बाद अब कार्यकर्ताओं को दोगुनी ऊर्जा के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रत्येक बूथ और ब्लॉक स्तर पर कम से कम 30 हजार परिवारों को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “मेरा उद्देश्य किसी पद की प्राप्ति नहीं, बल्कि कांग्रेस की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करना है। आज मध्यप्रदेश कर्ज, क्राइम और करप्शन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, और इसे बदलने के लिए हम सभी को अपनी पूरी ताकत लगानी होगी।” कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि 25 अप्रैल से 25 मई तक विधानसभा प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर कार्यकारिणी का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 25 मई से प्रत्येक ब्लॉक में “जनसंवाद कार्यक्रम” के तहत बड़े नेताओं की सहभागिता के साथ अधिवेशन आयोजित होंगे।

प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने संगठन को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक प्रस्ताव का उल्लेख किया, जिसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में हर परिवार से 100 रुपए का सहयोग लिया जाएगा। यह राशि जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन निर्माण और प्रशिक्षण कार्यों में खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल पार्टी को सामूहिक योगदान के आधार पर सशक्त बनाएगी और आम जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाएगी। हरीश चौधरी ने ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे मंडल, ब्लॉक, ग्राम और वार्ड स्तर पर संगठन का मजबूत ढांचा तैयार करें और गांव-गांव जाकर इकाइयों एवं बीएलए-2 का सत्यापन सुनिश्चित करें। साथ ही, जिला अध्यक्षों के कार्यों का मूल्यांकन जारी होने और ब्लॉक अध्यक्षों के कार्यों का आकलन आगामी छह माह में किए जाने की जानकारी भी दी।

सम्मेलन में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता सशक्तिकरण और जनसंवाद को प्रभावी बनाने पर व्यापक चर्चा हुई। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ जन गण मन के गायन द्वारा कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों एवं प्रदेशभर के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिसने सम्मेलन को व्यापक और प्रभावशाली स्वरूप प्रदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story