रतलाम: हॉस्टल की बदहाली की शिकायत लेकर 5 किमी पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचीं छात्राएं, बोलीं- रोज दाल-बाटी मिलती है, कंबल तक नहीं

WhatsApp Channel Join Now
रतलाम: हॉस्टल की बदहाली की शिकायत लेकर 5 किमी पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचीं छात्राएं, बोलीं- रोज दाल-बाटी मिलती है, कंबल तक नहीं


रतलाम: हॉस्टल की बदहाली की शिकायत लेकर 5 किमी पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचीं छात्राएं, बोलीं- रोज दाल-बाटी मिलती है, कंबल तक नहीं


रतलाम: हॉस्टल की बदहाली की शिकायत लेकर 5 किमी पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचीं छात्राएं, बोलीं- रोज दाल-बाटी मिलती है, कंबल तक नहीं


रतलाम, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सागोद रोड स्थित शासकीय कन्या आवासीय परिसर की छात्राएं हॉस्टल की अव्यवस्थाओं की शिकायत लेकर बुधवार सुबह करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं।

स्कूल यूनिफॉर्म में पहुंचीं छात्राएं कलेक्टर अजय कटेसरिया से मिलना चाहती थीं, लेकिन उनके भोपाल में होने के कारण तहसीलदार आशीष उपाध्याय ने उनकी शिकायतें सुनीं। बाद में जनजातीय विकास विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. प्रियंका राय भी मौके पर पहुंचीं। छात्राओं ने भोजन, कंबल, पानी और पढ़ाई से जुड़ी समस्याएं बताईं। अधिकारियों ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।

छात्राओं के साथ आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। छात्राओं का कहना था कि हॉस्टल में विशेष भोजन के नाम पर रोज दाल-बाटी ही दी जाती है। करीब आधी छात्राओं के पास ओढ़ने के लिए कंबल नहीं हैं। पानी की समस्या बनी रहती है और दोपहर में नाश्ता भी नहीं मिलता। इसके अलावा स्कूल में कंप्यूटर, डांस और योग के शिक्षक नहीं हैं। किताबों और स्टेशनरी के लिए मिलने वाली राशि भी अब तक नहीं मिली है।

स्टेशनरी के पैसे नहीं मिले, अपने खर्च से खरीदनी पड़ी सामग्री

छात्रा अंतिमबाला डामोर, शिवानी और प्रियंका डोडियार ने बताया कि स्टेशनरी के लिए मिलने वाली राशि अब तक उनके खातों में नहीं आई है। पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए उन्होंने अपने खर्च से स्टेशनरी खरीद ली है। स्कूल प्रबंधन की ओर से स्टेशनरी उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक उन्हें इसका लाभ नहीं मिला।

योग शिक्षक पढ़ा रहे अर्थशास्त्र, बायोलॉजी भी समझ नहीं आती

छात्राओं ने पढ़ाई की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि योग के शिक्षक उन्हें अर्थशास्त्र पढ़ाते हैं, जबकि बायोलॉजी के शिक्षक की पढ़ाने की शैली भी उन्हें समझ नहीं आती। छात्राओं ने बायोलॉजी के शिक्षक को बदलने की मांग की। उन्होंने बताया कि स्कूल में कंप्यूटर, डांस और योग के शिक्षक भी उपलब्ध नहीं हैं। पहले भी प्राचार्य से इन समस्याओं की शिकायत की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्हें शासन के निर्देशों के अनुसार काम होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया।

सहायक आयुक्त बोलीं- खाने-पीने की समस्या नहीं

जनजातीय विकास विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. प्रियंका राय ने बताया कि छात्राओं ने स्कूल से जुड़ी कुछ समस्याएं बताई हैं। हालांकि, खाने-पीने की कोई समस्या नहीं है और विभाग की मॉनिटरिंग में भी कोई कमी नहीं है। प्राचार्य को छात्राओं की बताई समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल प्रिंसिपल गणतंत्र मेहता ने बताया कि छात्राओं को विषयों से जुड़ी कुछ समस्याएं थीं। इस बारे में संबंधित शिक्षकों को बता दिया गया है। स्टेशनरी के लिए शासन से बजट मिलता है। नियमानुसार जो भी जरूरी होगा, उसके इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्राओं को पहले भी इस संबंध में समझाया जा चुका है।

15 छात्रावासों में अधिकारियों को बनाया है पालक अधिकारी

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिले के 15 छात्रावासों में अधिकारियों को पालक अधिकारी नियुक्त किया था। इनमें जनजातीय कार्य विभाग के ऐसे छात्रावास शामिल हैं, जहां 100 या इससे अधिक विद्यार्थी रहते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रावासों की सुविधाओं की नियमित निगरानी करना और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना है। कलेक्टर ने स्वयं सैलाना के माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर को गोद लिया है। ऐसे में छात्राओं का पांच किलोमीटर पैदल चलकर अपनी समस्याएं बताने कलेक्ट्रेट पहुंचना छात्रावासों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। खास बात यह है कि पालक अधिकारी नियुक्त किए जाने के बावजूद छात्राओं को अपनी समस्याएं लेकर खुद अधिकारियों तक पहुंचना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story