रतलाम में 30 मजदूरों से भरा ओवरलोड ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा, एक बालिका की दबने से मौत, छह लोग घायल

WhatsApp Channel Join Now
रतलाम में 30 मजदूरों से भरा ओवरलोड ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा, एक बालिका की दबने से मौत, छह लोग घायल


रतलाम, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सकरावदा गांव के पास क्षमता से अधिक मजदूरों को ले जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो के नीचे दबने से 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, ऑटो रिक्शा (एमपी 43 के 2267) सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम फूफीरुंडी से 25-30 मजदूरों को भरकर सैलाना की ओर जा रहा था। सकरावदा के इमली चौक के पास एक मोड़ पर गति अधिक होने और भारी वजन के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया। हादसे के वक्त ऑटो में चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर ग्रामीण मदद के लिए दौड़े।

हादसे में फूफीरुंडी निवासी 15 वर्षीय कविता पुत्री सूरज खराड़ी की ऑटो के नीचे दबने से जान चली गई। ग्रामीणों ने मशक्कत कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों में कालीबाई (40) और रेखा (35) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। अन्य चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि पुलिस ने इसी ऑटो पर दो दिन पहले ही ओवरलोडिंग को लेकर 15 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की थी। इसके बावजूद चालक ने सबक नहीं लिया और फिर से वही लापरवाही दोहराई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

वहीं, स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। क्षेत्र में मजदूरों को ढोने के लिए छोटे वाहनों में क्षमता से 5-6 गुना ज्यादा लोगों को बैठाया जाता है। अभी बीते 2 मई को भी पिपलौदा क्षेत्र में 50 मजदूरों से भरी एक बोलेरो खाई में गिर गई थी, जिसमें कई लोग बाल-बाल बचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की चालानी कार्रवाई केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित है, जिसके कारण ऐसे हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story