रतलाम: बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड से मारपीट कर हुए फरार, 6 पकड़ाए

WhatsApp Channel Join Now
रतलाम: बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड से मारपीट कर हुए फरार, 6 पकड़ाए


रतलाम: बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड से मारपीट कर हुए फरार, 6 पकड़ाए


रतलाम, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में बेरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह में शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए सात बाल अपचारी ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड सैनिक से मारपीट कर फरार हो गए।

बाल अपचारियों ने पहले सुरक्षाकर्मी पर डंडे से हमला किया और फिर बिस्तर के नीचे रखी मेन गेट की चाबी निकालकर चैनल गेट का ताला खोला। इसके बाद सातों मुख्य द्वार से बाहर निकलकर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने रात में ही सर्चिंग अभियान शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने छह बाल अपचारियों को रतलाम से करीब 15 किलोमीटर दूर नामली क्षेत्र से अभिरक्षा में ले लिया। एक अब भी फरार है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार सुबह एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रो, एसडीएम तरुण जैन, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और घटनाक्रम की जानकारी ली।

चादर ओढ़कर सो रहा था होमगार्ड, अचानक किया हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संप्रेक्षण गृह में तैनात होमगार्ड सैनिक चंद्रकांत पुत्र जानकी बल्लभ शर्मा शनिवार देर रात चैनल गेट के पास चादर ओढ़कर सो रहे थे। इसी दौरान सात बाल अपचारियों ने योजना बनाकर उन्हें घेर लिया। एक के हाथ में डंडा था। पहले डंडे से मारा, इसके बाद सभी बाल अपचारी उस पर टूट पड़े। बिस्तर के नीचे रखी मेन शटर गेट की चाबी तलाश कर चैनल गेट का ताला खोला और बाहर वाले मुख्य द्वार से होकर भाग निकले। घायल होमगार्ड का मेडिकल कराया जा रहा है।

रात 3 बजे पुलिस को मिली सूचना

औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी के अनुसार, पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 3 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया और जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया। सीसीटीवी फुटेज में मिले हुलिए और फोटो के आधार पर अलग-अलग टीमों ने संभावित मार्गों पर तलाश शुरू की। पुलिस की घेराबंदी और सर्चिंग के दौरान छह बाल अपचारियों को नामली थाना क्षेत्र के पास से अभिरक्षा में ले लिया गया। एक बाल अपचारी की तलाश अभी जारी है।

गंभीर अपराधों में निरुद्ध थे बाल अपचारी

पुलिस के मुताबिक, फरार हुए बाल अपचारियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। इन पर गंभीर अपराध दर्ज हैं। इनमें दो मादक पदार्थों की तस्करी, दो दुष्कर्म, एक हत्या, एक हत्या के प्रयास और एक रंगदारी से जुड़े मामलों में निरुद्ध था। एसपी अमित कुमार ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि फरार बाल अपचारी को जल्द अभिरक्षा में लेने के लिए पुलिस की टीमें लगातार तलाश कर रही हैं।

सुरक्षा पर उठे सवाल

सात बाल अपचारियों के एक साथ सुरक्षाकर्मी पर हमला कर मुख्य गेट से बाहर निकल जाने की घटना ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि बाल अपचारियों के पास गेट की चाबी कैसे पहुंची और उन्होंने इतनी आसानी से परिसर से बाहर निकलने की योजना को कैसे अंजाम दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story