रतलाम में किसानों की मांगों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन
रतलाम, 18 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम में किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर सोमवार दोपहर जिला किसान कांग्रेस कमेटी रतलाम ग्रामीण और आदिवासी कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसान नेता राजेश पुरोहित तपती धूप में प्रतीकात्मक विरोध जताते हुए लेटकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहीं, कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताने के लिए बिल्ली भी साथ लेकर पहुंचे और प्रशासन को “भीगी बिल्ली” की संज्ञा दी।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुबह से ही कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया था। मुख्य गेट पर बैरिकेड्स लगाए गए थे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान हाथों में झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए परिसर में पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बैरिकेड्स को लेकर हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी धरने पर बैठ गए और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। किसान कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेश भरावा ने आरोप लगाया कि जिले में गेहूं उपार्जन और खाद वितरण जैसी समस्याओं पर प्रशासन पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा है।
कुछ देर बाद एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं। कांग्रेस नेताओं ने उन्हें राज्यपाल और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट के बाहर पहुंचे, जहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला जलाकर विरोध जताया गया। इस दौरान पुलिस ने पुतला हटाने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच छीना-झपटी की स्थिति बनी। बाद में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को हटाया और आग बुझाई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि स्लॉट बुकिंग, खाद वितरण और फार्मर आईडी जैसी व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है। साथ ही, किसानों और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी कार्रवाई की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत, किसान नेता डीपी धाकड़, आदिवासी कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशन सिंगाड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

