रतलाम मंडल में महाप्रबंधक और सांसदों की समीक्षा बैठक, रेल परियोजनाओं व सिंहस्थ तैयारियों पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
रतलाम मंडल में महाप्रबंधक और सांसदों की समीक्षा बैठक, रेल परियोजनाओं व सिंहस्थ तैयारियों पर हुई चर्चा


रतलाम, 05 जून (हि.स.)। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल कार्यालय स्थित समिति कक्ष में शुक्रवार को महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय और सांसदों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेल विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं, संरक्षा उपायों और आगामी उज्जैन सिंहस्थ-2028 की तैयारियों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा धार सांसद सावित्री ठाकुर ने की। प्रारंभ में महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने पश्चिम रेलवे और रतलाम मंडल में चल रहे विकासात्मक कार्यों, सुरक्षा उपायों तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी।

इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से रतलाम मंडल की उपलब्धियों, अधोसंरचना विकास, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने वर्तमान में संचालित प्रमुख रेल परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं से भी जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया।

बैठक में सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। चर्चा के प्रमुख विषयों में इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना, डॉ. अंबेडकर नगर-ओंकारेश्वर आमान परिवर्तन कार्य, इंदौर स्टेशन पुनर्विकास योजना, रतलाम-इंदौर वाया फतेहाबाद मार्ग तथा उज्जैन-फतेहाबाद रेलखंड के दोहरीकरण कार्य शामिल रहे। इसके अलावा विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं के संचालन और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने सिंहस्थ से संबंधित रेलवे परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता जताई।

महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने सांसदों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि नियमानुसार उनका परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों को प्रगति से अवगत कराया जाएगा।

बैठक में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी (देवास), शंकर लालवानी (इंदौर), ज्ञानेश्वर पाटिल (खंडवा) और जसवंत सिंह भाभोर (दाहोद) सहित विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं मंदसौर, रतलाम-झाबुआ, उज्जैन, चित्तौड़गढ़, भोपाल तथा राज्यसभा सांसदों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

रेल प्रशासन की ओर से पश्चिम रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रमुख और रतलाम मंडल के शाखाधिकारी बैठक में मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य क्षेत्रीय रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर विकास कार्यों को गति देना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद जोशी

Share this story