रतलाम : 20 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 14 वर्षीय किशोरी की मौत, परिवार के चार सदस्य घायल
रतलाम, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और दो छोटे भाई घायल हो गए। हादसा रतलाम जिले में धामनोद टोल नाके के समीप सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग तोड़ते हुए लगभग 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार में बिहार के गोपालगंज जिले के खजुरिया बथामी निवासी विक्की कुमार (35), उनकी पत्नी रानी देवी, बेटी दीपा कुमारी (14), बेटे प्रीतम (5) और पीयूष (7) सवार थे। हादसे में बेटी दीपा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। चारों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रात सड़क किनारे रुका था परिवार
परिवार मुख्य रूप से गुजरात के तापी थईया थाना परसाना तहसील सूरत के रहने वाले है। विक्की सिंह गुजरात में कपड़े का कामकाज करते है। शुक्रवार शाम काे परिवार बिहार से सूरत के लिए रवाना हुआ था। लंबी यात्रा के दौरान शनिवार रात धामनोद टोल नाके से आगे एक पुलिया के पास सड़क किनारे कार खड़ी कर सभी लोग आराम करने के लिए रुक गए थे। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे वे फिर यात्रा पर निकले, लेकिन महज 20-25 मिनट बाद हादसे का शिकार हो गए।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को ओवरटेक किया। इसी दौरान कार चालक ने वाहन को बचाने के लिए साइड में लिया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। घायल विक्की कुमार ने बताया कि वह करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चला रहे थे। उनका आरोप है कि ओवरटेक करते समय ट्रक का पिछला हिस्सा उनकी कार से टकराया, जिसके बाद कार नियंत्रण से बाहर हो गई। हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
अंधेरे में गेट तोड़कर परिवार को निकाला
हादसे के समय आसपास अंधेरा था और तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। विक्की कुमार ने बताया कि कार पलटने के बाद उन्होंने किसी तरह गेट तोड़कर सबसे पहले बेटी को बाहर निकाला, लेकिन उसके सिर में गंभीर चोट लग चुकी थी और वह बेसुध थी। इसके बाद पत्नी और दोनों बेटों को बाहर निकाला गया। पीड़ित पिता के अनुसार हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, लेकिन कोई तत्काल सहायता के लिए आगे नहीं आया। काफी आग्रह के बाद किसी ने इमरजेंसी सेवा को सूचना दी, जिसके बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भिजवाने के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को खाई से बाहर निकाला गया। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

