राजगढ़ःराष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जिले में जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता और बचाव पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःराष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जिले में जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता और बचाव पर दिया जोर


राजगढ़ःराष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जिले में जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता और बचाव पर दिया जोर


राजगढ़,18 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर सोमवार को व्यापक जन जागरूकता अभियान और सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य अधिकारियों, कर्मचारियों, नर्सिंग छात्राओं और शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान डेंगू नियंत्रण, इसके लक्षण, कारण और बचाव उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. डीपी पटेल ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि घरों एवं आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दिया जाए। पानी के बर्तनों को ढककर रखना और हर सप्ताह उन्हें खाली कर साफ करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बुखार आने पर जिला अस्पताल में डेंगू जांच निःशुल्क उपलब्ध है, इसलिए समय पर जांच और उपचार बेहद जरूरी है। जिले में इस अवसर पर संकल्प कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने डेंगू नियंत्रण में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

ब्लॉक खुजनेर के ग्राम सण्डावता और सारंगपुर विकासखंड के ग्राम झिरी में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। यहां आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को डेंगू से बचाव, स्वच्छता और जल प्रबंधन के महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में “सबकी चिंता, सबकी भागीदारी” का संदेश देते हुए लोगों से डेंगू नियंत्रण अभियान में सहयोग करने की अपील की गई, ताकि सामूहिक प्रयासों से बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story