उज्जैन में क्षिप्रा नदी के रामघाट और महाकाल लोक 17 सितंबर को जगमगाएंगे दीपों से
उज्जैन, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर को शहर में शाम के समय लाखों दीप प्रज्जवलित किये जाएंगे। ये दीप रामघाट, दत्तअखाडा, महाकाल लोक के अलावा घरों और प्रतिष्ठानों में प्रज्जवलित होंगे। शनिवार को सम्पन्न बैठक में विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों ने यह जिम्मेदारी ली।
प्रदेश सहित शहर में भी 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जायेगा। इस सिलसिले में स्मार्ट सिटी कार्यालय में सामाजिक संगठनों व विभिन्न समाज प्रमुखों की बैठक हुई। बैठक में महापौर मुकेश टटवाल, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल , नगर निगम झोन अध्यक्ष सुरेंद्र मेहर, पुरुषोत्तम मालवीय, योगेश्वरी राठौर, पार्षद लीला वर्मा, राजेंद्र भारती, राकेश पंड्या,बहादुर सिंह बोरमुण्डला, स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन उपस्थित थीं।
बैठक में जगदीश अग्रवाल ने कहा कि 17 सितंबर को घाटों पर दीप प्रज्वलन के साथ महाकाल लोक एवं सभी घरो व प्रतिष्ठान पर दीप प्रज्जवलित करेंगे। बारिश के मौसम में प्लान बी भी तैयार किया जाए। घाट पर 16 बाय 16 के ब्लॉक बनाए जाएंगे, जिसमें दीपों का प्रज्जवलन होगा। सभी पार्षद अपने स्तर से क्षेत्र के लोगों के समुह तैयार करने हेतु बैठक लेंगे। श्री टटवाल,ओम जैन ने भी विचार रखे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

