राजगढ़ः रमा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः रमा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब


राजगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में रमा एकादशी के अवसर पर गुरुवार को ब्यावरा के श्री खाटू श्याम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मंगला आरती के साथ बाबा श्याम के दर्शन शुरू हुए। इसके बाद दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने कतार में लगकर बाबा के दर्शन किए और परिवार के सुख समृद्वि व खुषहाली की कामना की। एकादशी के अवसर पर बाबा खाटू श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो फूलों से मंदिर परिसर और बाबा का दरबार आकर्षक रूप से सजाया गया। फूलों से सजे दरबार में बाबा के मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। सुबह से ही मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंजता रहा। महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ दर्शन करने पहुंचे।

रमा एकादशी पर ब्यावरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भक्त श्याम निशान लेकर मंदिर पहुंचे। कई श्रद्धालु टोलियों में ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ बाबा के दरबार में पहुंचे। हाथों में निशान लेकर जयकारे लगाते भक्तों से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। दिनभर मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने दर्शन के लिए कतार और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी। पुलिस, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने भी व्यवस्था संभाली। सनातन परंपरा में रमा एकादशी का विशेष महत्व है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा और व्रत करने की मान्यता है। इसी धार्मिक आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा खाटू श्याम के दरबार में पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story