राम मंदिर चढ़ावा विवाद और राज्यसभा नामांकन मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
राम मंदिर चढ़ावा विवाद और राज्यसभा नामांकन मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल


भोपाल में ‘लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह’ के दौरान बोले- आरोपों की निष्पक्ष जांच हो, चुनावी प्रक्रिया पर भी उठाए प्रश्न

भोपाल, 18 जून (हि.स.)। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस का ‘लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह’ गुरुवार को राजधानी भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर जारी रहा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर से जुड़े हालिया विवादों और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की कथित ट्रस्ट सदस्यता को लेकर सवाल उठाए।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर निर्माण और उससे जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार तथा चढ़ावे की राशि से संबंधित अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ऐसे मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देशभर के लोगों ने श्रद्धा और आस्था के साथ राम मंदिर निर्माण के लिए योगदान दिया है, इसलिए इससे जुड़े किसी भी विवाद की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर मांगा स्पष्टीकरण

सत्याग्रह के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े हैं, तो इस विषय पर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों की भूमिका और जिम्मेदारियों को लेकर पारदर्शिता जरूरी है, ताकि किसी प्रकार की शंका की स्थिति न बने।

नामांकन निरस्तीकरण को लेकर कांग्रेस का विरोध

पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस फैसले को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विपरीत मानती है और इस मामले में न्याय की मांग कर रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सत्याग्रह के माध्यम से पार्टी ने चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

चरखा चलाकर किया सांकेतिक प्रदर्शन

रोशनपुरा चौराहे पर आयोजित सत्याग्रह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने चरखा चलाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग में भी की थी अपील

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निरस्त कर दिया गया था। नामांकन निरस्तीकरण का आधार तेलंगाना के एक न्यायालय में लंबित मामले से संबंधित जानकारी का कथित रूप से उल्लेख नहीं किया जाना बताया गया था। इसके बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट में भी राहत की मांग की, लेकिन पार्टी को कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सत्याग्रह और जनजागरण अभियान शुरू किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story