रक्षाबंधनः बारिश थमते ही बाजारों में उमड़ी भीड़; जेल में बहनों को भाइयों से मिलाने की व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधनः बारिश थमते ही बाजारों में उमड़ी भीड़; जेल में बहनों को भाइयों से मिलाने की व्यवस्था


दतिया, 28 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के स्नेह और अटूट रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर दतिया के बाजारों में दिनभर हलचल बनी रही। सुबह बारिश के कारण बाजारों में अपेक्षाकृत कम भीड़ रही, लेकिन शाम को बारिश थमते ही राखी, कपड़े और मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की संख्या बढ़ गई। बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए आकर्षक राखियों की खरीदारी की, वहीं बच्चों में भी मनपसंद राखियां लेने को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।

इस बार बाजार में धागे, जरी और विभिन्न डिजाइनों से तैयार राखियों की भरमार है। बच्चों के लिए मोटू-पतलू, छोटा भीम, बाल गणेश और बाल कृष्ण जैसी कार्टून एवं धार्मिक पात्रों वाली राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दुकानदारों के अनुसार पिछले वर्षों की तुलना में राखियों के दाम कुछ अधिक हैं, इसके बावजूद खरीदारी पर इसका खास असर दिखाई नहीं दिया।

रक्षाबंधन पर बहनें शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर राखी बांधेंगी। इस वर्ष पर्व के दिन भद्राकाल नहीं होने से राखी बांधने को लेकर लोगों में सुविधा और उत्साह है। पूर्णिमा तिथि सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक रहने की जानकारी दी गई है, इसके बाद अन्य तिथि प्रारंभ होगी। पर्व को लेकर घरों में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखी गई।

जिला जेल में बहनों को भाइयों से मिलने की अनुमति

रक्षाबंधन के अवसर पर जिला जेल दतिया में निरुद्ध बंदियों को उनकी बहनों से प्रत्यक्ष मुलाकात और टीका लगाने की व्यवस्था की गई है। जेल मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 28 अगस्त को बहनों को अपने भाइयों से मिलने की अनुमति दी जाएगी।

जेल उप अधीक्षक दतिया ने बताया कि मुलाकात के लिए बहनों के नाम सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 1 से 2 बजे के बीच पंजीकृत बहनों की बंदियों से मुलाकात कराई जाएगी। निर्धारित समय के बाद मुलाकात के लिए किसी प्रकार का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जेल प्रशासन ने बहनों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। मुलाकात के दौरान मोबाइल फोन, मादक पदार्थ, रुपये-पैसे सहित प्रतिबंधित सामग्री जेल परिसर में लाने पर रोक रहेगी। जेल के बाहर से खाद्य सामग्री लाने की भी अनुमति नहीं होगी।

बहनें जेल की कैंटीन से भाईदूज की विशेष किट निर्धारित मूल्य पर खरीद सकेंगी। इस किट में मिठाई, कुमकुम, अक्षत सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध रहेगी। जेल प्रशासन ने बहनों से शालीनता और अनुशासन बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है, ताकि रक्षाबंधन पर मुलाकात की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story