राजगढ़ जिला अस्पताल का मंत्री गौतम टेटवाल ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना उपचार का हाल
राजगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने बुधवार को राजगढ़ जिला चिकित्सालय और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। जिला अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद किया और उपचार, दवाइयों तथा अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। वहीं मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री टेटवाल सबसे पहले जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने शिशु वार्ड, सर्जिकल वार्ड सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों से बातचीत कर पूछा कि उन्हें समय पर उपचार और दवाइयां मिल रही हैं या नहीं। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के व्यवहार तथा अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद मंत्री निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से अब तक हुए कार्य की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, लेकिन गुणवत्ता के निर्धारित मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य तय मापदंडों के अनुरूप पूरे कर मेडिकल कॉलेज को जल्द तैयार किया जाए।
मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज जिले के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा साबित होगा। इसके शुरू होने से राजगढ़ के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता भी कम होगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. खान, सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

