राजगढ़ः विजयादशमी पर राज्यमंत्री पंवार ने थाना परिसर में किया शस्त्र पूजन, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः विजयादशमी पर राज्यमंत्री पंवार ने थाना परिसर में किया शस्त्र पूजन, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की


राजगढ़, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में विजयादशमी के पावन पर्व पर मंगलवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने ब्यावरा के सिटी थाना और देहात थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति, सुरक्षा और खुशहाली बनाए रखने की कामना की। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने भी सहभागिता की।

भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है शस्त्र पूजन

शस्त्र पूजन के अवसर पर राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक पर्व है। शस्त्र पूजन की परंपरा हमारी गौरवशाली भारतीय संस्कृति, वीरता और साहस को दर्शाती है। यह राष्ट्र के प्रति समर्पण और कर्तव्यों के निष्ठापूर्वक निर्वहन का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र पूजन का विशेष महत्व है। यह परंपरा समाज की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सेवा के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने की प्रेरणा देती है। शस्त्रों का उद्देश्य समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है।

सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने का संदेश

मंत्री पंवार ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें बुराइयों पर विजय प्राप्त करने और सत्य, धर्म व न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह अवसर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लेने का भी है। उन्होंने मां आदिशक्ति और प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में एसडीओपी प्रकाश शर्मा, शहर थाना प्रभारी शिवराजसिंह चैहान,देहात थानाप्रभारी प्रवीण जाट सहित अमित शर्मा, राजू यादव, पवन कुशवाह, सुमित सोलंकी, दिलीप भार्गव, विष्णु साहू, दीपक सामरे, प्रकाश मोगिया और गिरराज लववंशी सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764025 Articles

Share this story