राजगढ़ः जिलेभर में उत्साह के साथ आयोजित किए गए योग के कार्यक्रम
राजगढ़,21 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेष के राजगढ़ जिले में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को जिलेभर में उत्साह और जनभागीदारी के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों में सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्टेडियम ग्राउंड राजगढ़ में हुआ, जिसमें प्रदेश शासन के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे। इस दौरान राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया और उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसकी परंपरा ऋषि-मुनियों के समय से चली आ रही है। आज पूरी दुनिया योग की महत्ता को स्वीकार कर रही है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है।
उन्होंने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता,आत्मविश्वास और मानसिक सशक्तता बढ़ती है। कार्यक्रम में प्रशिक्षित योगाचार्यों के मार्गदर्शन में अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, अर्द्धचक्रासन और विभिन्न प्राणायाम कराए गए। योग प्रशिक्षकों ने इनके शारीरिक व मानसिक लाभ भी बताए। कार्यक्रम के दौरान मंत्री पंवार ने जिले में पदस्थ नव आरक्षकों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अंत में जिला शिक्षा अधिकारी करण सिंह भिलाला ने आभार व्यक्त किया। आचार्य महेश त्रिवेदी ने भी योग के महत्व और दैनिक जीवन में इसके उपयोग पर प्रकाश डाला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

