राजगढ़ः राज्यमंत्री टेटवाल ने जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का किया निरीक्षण
राजगढ़, 12 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने रविवार को नवीन जिला चिकित्सालय में तैयार किए गए चार अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का निरीक्षण किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब जिले के मरीजों को गंभीर सर्जरी के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नही पड़ेगी।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “जिले का कोई भी मरीज डायलिसिस जैसी आवश्यक सुविधा से वंचित नहीं रहेगा। स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” नव निर्मित मॉड्यूलर ओटी अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं। इनमें आधुनिक एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम, एंटी-बैक्टीरियल कोटिंग और हाईटेक उपकरण लगाए गए हैं, जिससे ऑपरेशन के दौरान संक्रमण की संभावना लगभग समाप्त हो जाती है। राज्यमंत्री ने ओटी के सभी कक्षों, मशीनों और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर मौजूद चिकित्सकीय स्टाफ से चर्चा भी की।
जिला कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में जिले की बड़ी उपलब्धि बताया। उनका कहना है कि इस उन्नत मॉड्यूलर ओटी के माध्यम से सर्जरी की गुणवत्ता बढ़ेगी,रेफरल मामलों में कमी आएगी तथा अब मेजर, माइनर और ऑर्थो सर्जरी के लिए अलग-अलग ओटी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे जटिल ऑपरेशन भी अब स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के इस विस्तार से जिले के हजारों मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

