राजगढ़ः शहीदों के बलिदान से सदैव प्रेरणा लेता रहेगा देश- राज्यमंत्री टेटवाल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः शहीदों के बलिदान से सदैव प्रेरणा लेता रहेगा देश- राज्यमंत्री टेटवाल


राजगढ़, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिस बल द्वारा बुधवार को शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री गौतम टेटवाल शामिल हुए। उन्होंने देश और समाज की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग, समर्पण और अदम्य साहस के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा और देश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनसेवा का भाव हमारी अमूल्य धरोहर है। ऐसे वीर सपूतों के साहस और शौर्य को देश कभी भुला नहीं सकता। शहीदों के परिवारों का सम्मान, त्याग को किया याद कार्यक्रम में शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके धैर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए उनके योगदान के प्रति आभार जताया गया।

वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों का योगदान भी अतुलनीय है। राष्ट्र सदैव अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों का ऋणी रहेगा। जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर, पूर्व विधायक रघुनन्दन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित शहीद जवानों के परिजन तथा राजगढ़ पुलिस के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया और राष्ट्र की सुरक्षा एवं सेवा के प्रति समर्पण का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764302 Articles

Share this story