राजगढ़ः मंत्री टेटवाल ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक
राजगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में गुरुवार को सेवा सदन कार्यालय में प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इसमें विधानसभा क्षेत्र में जल उपलब्धता, जल प्रबंधन और पेयजल व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में टेटवाल ने अधिकारियों से क्षेत्र के सभी गांवों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और खेती के लिए पानी की उपलब्धता प्राथमिकता होनी चाहिए। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करते हुए योजनाओं का समयसीमा में प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। पेयजल और सिंचाई से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए उनका निराकरण किया जाए, ताकि ग्रामीणों और किसानों को परेशानी नहीं हो।
मंत्री टेटवाल ने कहा कि हमारा लक्ष्य सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पर्याप्त और सुचारु पेयजल पहुंचाना है। इसके साथ ही किसानों को खेती के लिए पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराया जाए। जल संसाधनों का समुचित उपयोग ग्रामीण विकास और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर गांव में पेयजल की बेहतर व्यवस्था और किसानों की खुशहाली के लिए विभागीय अधिकारी योजनाओं को गंभीरता से पूरा करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

