राजगढ़ः राज्यमंत्री टेटवाल ने 15 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः राज्यमंत्री टेटवाल ने 15 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन


राजगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का बुधवार को प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने जमनागंज में 15 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। वहीं बिलोदापाल में काई नदी पर जल संचय अभियान के तहत ग्रामीणों के साथ बोरी बंधान कर श्रमदान किया। इसके बाद उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।

ग्राम जमनागंज में मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत 15 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से सीसी रोड निर्माण और शांतिधाम के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान टेटवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। इन कार्यों से गांवों में सुविधाएं बढ़ेंगी और ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

इसके बाद मंत्री बिलोदापाल पहुंचे, जहां मध्यप्रदेश जन अभियान के तहत संचालित जल संचय अभियान में शामिल हुए। यहां काई नदी पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बोरी बंधान कार्य में श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि वर्षा जल का संचय और जल स्रोतों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है। इसके लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से पानी की एक-एक बूंद बचाने और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

मंत्री ने बिलोदापाल के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी लेने के साथ शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाएं भी देखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने तथा बच्चों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। टेटवाल ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं मिलना जरूरी है। विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, अनुशासन और अच्छा शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story