राजगढ़ः राज्यमंत्री टेटवाल ने 18 से अधिक विभागों के कामों की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः राज्यमंत्री टेटवाल ने 18 से अधिक विभागों के कामों की समीक्षा की


राजगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में विकास कार्यों में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग स्वीकृत निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करें। किसानों को सिंचाई के लिए फरवरी-मार्च से पहले पानी उपलब्ध कराने की कार्ययोजना पर तेजी से काम करें।

यह निर्देश प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने शनिवार को सारंगपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए। एसडीएम कार्यालय के सभागार में हुई बैठक में राज्यमंत्री ने 18 से अधिक विभागों के विकास एवं निर्माण कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें।

मोहनपुरा और कुंडलिया वृहद सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए टेटवाल ने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को फरवरी-मार्च से पहले लाभान्वित गांवों तक पानी पहुंचाने की कार्ययोजना पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग की समीक्षा में सारंगपुर को विद्युत संभाग बनाए जाने और गुलावता ट्रांसफार्मर के उन्नयन के प्रयासों की सराहना की। खराब विद्युत केबलों को दुरुस्त करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अधूरी जानकारी प्रस्तुत करने पर राज्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग के स्वामित्व योजना के कार्यों की सराहना की। नामांतरण और बंटवारे के लंबित प्रकरण समय-सीमा में निपटाने को कहा। स्कूलों में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर अभिभावकों से संपर्क कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के लंबित निर्माण कार्यों पर असंतोष जताते हुए संबंधित उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने को कहा। 25 दिसंबर को नवनिर्मित पंचायत भवनों के लोकार्पण की तैयारी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चैहान, एसडीएम जय सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story