राजगढ़ः गोवर्धन पूजा पर मंत्री टेटवाल ने किया गौमाता का पूजन, प्रदेश की खुशहाली की कामना

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः गोवर्धन पूजा पर मंत्री टेटवाल ने किया गौमाता का पूजन, प्रदेश की खुशहाली की कामना


राजगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंगलवार को प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल सारंगपुर स्थित श्री कपिलेश्वर गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और गौमाता का पूजन-अर्चन कर आरती की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। गौशाला में पूजा के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा।

मंत्री टेटवाल ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ अंगुली पर उठाकर प्रकृति, पर्यावरण, जल, वनस्पति और गौवंश के संरक्षण का संदेश दिया था। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और जीवों के प्रति करुणा ही लोककल्याण का आधार है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का गोपाल स्वरूप गौमाता के प्रति प्रेम और सेवा की प्रेरणा देता है। गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग हैं। गौसेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि जीवमात्र के प्रति संवेदना और समर्पण का भाव है। इसके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के साथ गौवंश की सेवा और सुरक्षा के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के सम्मान और सामूहिक कल्याण का संकल्प लेने का अवसर देती है। इस दौरान गौशाला में मौजूद लोगों ने भी गौसेवा और संरक्षण के लिए आगे आने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story