राजगढ़ः मंत्री टेटवाल ने विद्यार्थियों संग लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः मंत्री टेटवाल ने विद्यार्थियों संग लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प


राजगढ़, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रदेश सरकार के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के मंत्री गौतम टेटवाल ने शनिवार को पचोर के शासकीय गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया।

इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और पूर्वजों के नाम पर भी कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया। राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य तय करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों से अभियान को जनभागीदारी का रूप देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने युवाओं को नशे से दूरी है जरूरी का संदेश देते हुए सभी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। यदि युवा शिक्षा, कौशल, खेल और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेंगे तो देश का भविष्य और अधिक उज्ज्वल होगा। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, जल एवं भूमि संवर्धन और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के समापन पर राज्यमंत्री टेटवाल ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story