राजगढ़ः गांव पहुंचकर मंत्री-सांसद ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः गांव पहुंचकर मंत्री-सांसद ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश


राजगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नरसिंहगढ़ विकासखंड के ग्राम बेरासिया में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार, सांसद रोडमल नागर, विधायक मोहन शर्मा और भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से सरकार अब गांव और चैपाल तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यही अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने पेयजल समस्या के समाधान के लिए पहले से सर्वे कर कार्ययोजना बनाने और पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

सांसद रोडमल नागर ने किसानों से जल संरक्षण, जैविक खाद और फसल चक्र अपनाने की अपील की। उन्होंने पशुपालन को बढ़ावा देने के साथ बच्चों की शिक्षा, रोजगार और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की बात कही। विधायक मोहन शर्मा ने भूमि विवादों को आपसी समझाइश से सुलझाने और गांवों में भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना और शासकीय सेवाओं का समय-सीमा में निराकरण करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि राजगढ़ जिला सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग में टॉप-5 में शामिल है।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने विभागों को आपसी समन्वय से लंबित शिकायतों और आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए। स्वरोजगार से बदली हितग्राहियों की जिंदगी शिविर में आयोजित उद्यम संवाद में योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपनी सफलता की कहानी सुनाई। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम बेरासिया में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से 10 लोगों को लाभ मिला है। योजना के तहत किसी ने साड़ी-कॉस्मेटिक सेंटर तो किसी ने किराना दुकान, कपड़ा व्यवसाय, बेकरी और मिस्त्री का काम शुरू किया। शिविर में अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति जानी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story