राजगढ़ः योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता-राज्यमंत्री पंवार

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता-राज्यमंत्री पंवार


राजगढ़, 12 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम पंचायत मोठबड़ली में शनिवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार ने ग्रामीणों से जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सुशासन की पहचान है।

शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर जोर

मंत्री पंवार ने कहा कि बच्चों और युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल, गणवेश और छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में अधोसंरचना मजबूत करने, अतिरिक्त कक्ष बनाने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सरकार सहयोग कर रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के हित, गरीब परिवारों के कल्याण और युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित हैं।

विश्व में बढ़ा भारत का सम्मान

राज्यमंत्री पंवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।रक्षा, अंतरिक्ष, डिजिटल तकनीक, अधोसंरचना, स्टार्टअप और विनिर्माण सहित कई क्षेत्रों में देश नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए गांव-गांव तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष श्यामसिंह चैहान,नारायणसिंह सालरियाखेड़ी, अशोक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story