राजगढ़ः लखनवास में गूंजा देशभक्ति का संदेश, मंत्री पंवार की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः लखनवास में गूंजा देशभक्ति का संदेश, मंत्री पंवार की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा


राजगढ़,12 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम लखनवास में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने हाथ में तिरंगा लेकर सहभागिता की। इस दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए।

यात्रा के दौरान वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा हाथों में लेकर लोग देश के प्रति सम्मान और गौरव का संदेश देते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। मंत्री पंवार ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपने संकल्प को मजबूत करे।उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि सभी मिलकर तिरंगे की शान बढ़ाएं और राष्ट्रभक्ति का संदेश हर घर तक पहुंचाएं। तिरंगा यात्रा में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी, पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जसवंत गुर्जर, मंडल अध्यक्ष दिनेश मीना, महेश अग्रवाल, राजू गुप्ता, बिट्टू सक्सेना सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story