राजगढ़ः रामलीला में शामिल हुए राज्यमंत्री पंवार,रावण-मेघनाद की पूजा की परंपरा खास

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः रामलीला में शामिल हुए राज्यमंत्री पंवार,रावण-मेघनाद की पूजा की परंपरा खास


राजगढ़, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम भाटखेड़ी में आयोजित रामलीला में बुधवार को मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करते हुए ग्रामीणों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि की कामना की।

भाटखेड़ी अपनी अनूठी धार्मिक परंपरा के लिए पहचाना जाता है। यहां भगवान श्रीराम के साथ रावण और मेघनाद की भी पूजा-अर्चना की जाती है। पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा गांव की लोकआस्था और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाती है। राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि विजयादशमी सत्य, धर्म, मर्यादा और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण का उदाहरण है। भाटखेड़ी जैसी परंपराएं भारतीय संस्कृति की समृद्धि को दर्शाती हैं। इन्हें सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक सद्भाव एवं एकता को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, जयेंद्र गुर्जर, नारायण सिंह सालरियाखेड़ी, श्याम सिंह चैहान, राधेश्याम यादव सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story