राजगढ़ः विकास कार्यों का निरीक्षण कर मंत्री पंवार ने दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश
राजगढ़, 11 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने शुक्रवार को ब्यावरा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को काम समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री पंवार ने सबसे पहले ब्यावरा में निर्माणाधीन नवीन जनपद पंचायत कार्यालय भवन और नवीन रेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्माण में गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा का भी पालन किया जाए।
इसके बाद मंत्री घुरेल पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचे। यहां तीर्थ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के निर्माण की प्रगति देखी और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। मंत्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य विकास कार्यों को गति देने के साथ आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
राज्यमंत्री पंवार ने सुठालिया स्थित कार्यालय में आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने विभिन्न समस्याओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह चैहान, कार्यपालन यंत्री बसंत कुमार, इंजीनियर कार्तिक राजपूत, जय चैहान सहित संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

