राजगढ़ः नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का राज्यमंत्री पंवार ने किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का राज्यमंत्री पंवार ने किया सम्मान


राजगढ़, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा, ब्यावरा मंडल द्वारा शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में नीट-2026 क्वालीफाई करने वाले विधानसभा क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने सम्मान किया।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सेवा करने की नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। समारोह में मंत्री पंवार ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी तैयारी, सफलता के अनुभव, मेडिकल शिक्षा की योजनाओं और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पीएम श्री विद्यालय, कौशल विकास और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध करा रही है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार भी मेधावी विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने वाली योजनाएं संचालित कर रही है। मंत्री पंवार ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और सपनों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 का उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं में गड़बड़ियों पर सख्ती से रोक लगाना और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान के साथ सेवा भावना और मानवीय मूल्यों को भी सर्वोच्च स्थान दें। कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष केपी. पंवार, अमित शर्मा मंडल अध्यक्ष राजू यादव, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष गिरराज लववंशी, चंदन जादौन, बनवारी पुष्पद, बनवारी कुशवाह, जय चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story