राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने सुठालिया सिंचाई परियोजना का किया निरीक्षण, 49,800 हेक्टेयर को मिलेगा पानी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने सुठालिया सिंचाई परियोजना का किया निरीक्षण, 49,800 हेक्टेयर को मिलेगा पानी


राजगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की सुठालिया वृहद सिंचाई परियोजना का शनिवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन मुख्य बांध और अन्य कार्यों की प्रगति का जायजा लेकर अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग हो और तकनीकी मानकों से किसी तरह का समझौता न किया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि पार्वती नदी पर सुठालिया तहसील के बैराड़ गांव के पास 1375.24 करोड़ रुपए की लागत से परियोजना बनाई जा रही है। वर्ष 2018 में स्वीकृत इस योजना के तहत 25.50 मीटर ऊंचा, करीब 4 किलोमीटर लंबा और 20 रेडियल गेट वाला कंपोजिट बांध तैयार किया जा रहा है। इसकी सकल जल भंडारण क्षमता 201.35 एमसीएम और लाइव स्टोरेज क्षमता 183.70 एमसीएम होगी। साथ ही दो आधुनिक पंप हाउस और प्रेशराइज्ड पाइपलाइन आधारित सिंचाई प्रणाली विकसित की जा रही है, जिससे 49,800 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। परियोजना से राजगढ़ जिले की सुठालिया, ब्यावरा और नरसिंहगढ़ तहसीलों के 174 गांवों को सीधे सिंचाई का लाभ मिलेगा।

अधिकारियों के अनुसार मुख्य बांध का करीब 80 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 90 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण कार्य भी पूर्ण हो गया है। 1,675 प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए मऊ और बड़ाबड़ला में पुनर्वास कॉलोनियां तैयार की जा चुकी हैं। शेष कार्य वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निरीक्षण के दौरान मंत्री पंवार ने कहा कि सुठालिया परियोजना क्षेत्र के विकास की आधारशिला साबित होगी। इससे किसानों को सालभर सिंचाई सुविधा मिलेगी, कृषि उत्पादन बढ़ेगा, भूजल स्तर में सुधार होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष श्‍यामसिंह चौहान, अशोक अग्रवाल, ओमप्रकाश पालीवाल, पदमसिंह लोधी, मनोज शर्मा, कामेश नामदेव, सुनील सरावत, एसडीओ कुशाग्र श‍िवहरे, नायब तहसीलदार रामनिवास धाकड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story