राजगढ़ःअजनार नदी की सफाई के लिए मंत्री पंवार ने नागरिकों के साथ किया श्रमदान, घाटों का भी किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःअजनार नदी की सफाई के लिए मंत्री पंवार ने नागरिकों के साथ किया श्रमदान, घाटों का भी किया निरीक्षण


राजगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में अजनार नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए गुरुवार को नगर पालिका की ओर से सफाई अभियान चलाया गया। इसमें प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने नागरिकों के साथ श्रमदान किया। उन्होंने नदी की सफाई में सहभागिता कर जलस्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

इस दौरान मंत्री ने नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया और नवीन अस्पताल रोड पर बनने वाली पुलिया का जायजा भी लिया। राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि अजनार नदी ब्यावरा की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नदी को स्वच्छ बनाए रखने के साथ आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नदियां हमारी संस्कृति, सभ्यता और जीवन का अभिन्न अंग हैं। इनका संरक्षण केवल सरकार या नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान बनकर नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। जनप्रतिनिधि, प्रशासन और नागरिक मिलकर प्रयास करेंगे तो सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

राज्यमंत्री पंवार ने नागरिकों से अपील की कि नदी में कचरा न डालें और दूसरों को भी जलस्रोतों की स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। जनभागीदारी से ही अजनार नदी को स्वच्छ बनाने और सुंदर ब्यावरा के संकल्प को पूरा किया जा सकता है। घाटों की व्यवस्थाएं देखीं, पुलिया का भी जायजा लिया

सफाई अभियान के दौरान मंत्री पंवार ने अजनार नदी के विभिन्न घाटों पर स्वच्छता और संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई अभियान को निरंतर जारी रखने और इसमें नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने नवीन अस्पताल रोड पर बनने वाली पुलिया का जायजा लेकर क्षेत्र में विकास कार्यों और यातायात संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। मंत्री ने कहा कि शहर के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है। अभियान में एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, नगर पालिका सीएमओ इकरार अहमद, अमित शर्मा, पवन कुशवाह, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, दीपक सामरे, विष्णु साहू, दिलीप भार्गव, प्रकाश मोगिया, हेमलता शर्मा, सुनीता विश्वकर्मा, बिट्टू और जय चैहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769049 Articles

Share this story