राजगढ़ः सांदीपनि स्कूल भवन का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री पंवार, बोले-गुणवत्ता से समझौता नहीं

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सांदीपनि स्कूल भवन का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री पंवार, बोले-गुणवत्ता से समझौता नहीं


राजगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का शुक्रवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने भवन के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों व निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

निरीक्षण के दौरान मंत्री पंवार ने कहा कि विद्यालय केवल ईंट-पत्थरों से बना भवन नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य का निर्माण करने वाले केंद्र हैं। इसलिए विद्यार्थियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को जल्द ही नए भवन की सुविधाएं मिल सकें। मंत्री ने विद्यालय परिसर में खेल मैदान, पार्क और वाहन पार्किंग को भी सुव्यवस्थित ढंग से विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार अधोसंरचना मजबूत कर रही है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालयों का निर्माण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकें।

इस दौरान अधिकारियों ने मंत्री पंवार को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, तकनीकी प्रगति और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के समय जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, एसडीओपी प्रकाश शर्मा, पीआईयू के कार्यपालन यंत्री ज्ञानदीप, विद्यालय के प्राचार्य एसएस. यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story