राजगढ़ःराज्यमंत्री पंवार ने सड़क सुरक्षा को लेकर की अपील-हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःराज्यमंत्री पंवार ने सड़क सुरक्षा को लेकर की अपील-हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें


राजगढ़, 28 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने मंगलवार को नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने की विशेष अपील की है। राज्यमंत्री ने कहा कि हेलमेट पहनना केवल कानून का पालन भर नहीं है, बल्कि यह जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण और सरल उपाय है।

विशेषज्ञों के अनुसार, दुर्घटनाओं में सिर की चोटें सबसे गंभीर होती हैं और हेलमेट इनसे बड़ी हद तक सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि एक छोटी-सी सावधानी कई परिवारों को बड़ी पीड़ा से बचा सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से अनुरोध किया कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। नियमों की अनदेखी न केवल स्वयं चालक को, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों को भी खतरे में डालती है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान में लोगों से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हर नागरिक जिम्मेदार बने और यातायात नियमों का पालन कर समाज में सुरक्षित वातावरण बनाने में योगदान दे। राज्यमंत्री पंवार ने बताया कि परिवार की खुशियों की सुरक्षा हमारे हाथ में है। इसलिए हर सफर पर निकलने से पहले हेलमेट पहनने की आदत विकसित करें और सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story