राजगढ़ः समरसता संकल्प अभियान के तहत पुष्पांजलि कार्यक्रम संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः समरसता संकल्प अभियान के तहत पुष्पांजलि कार्यक्रम संपन्न


राजगढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, ब्यावरा मंडल द्वारा पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने संत गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

मंत्री पंवार ने कहा कि संत गुरु रविदास जी केवल एक महान संत नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और निष्काम भक्ति के अमर संदेशवाहक थे। उन्होंने अपने जीवन और विचारों से यह सिद्ध किया कि जाति, वर्ग और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर सच्ची श्रद्धा, सेवा और सद्कर्म के माध्यम से ईश्वर की कृपा प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास का संदेश मन चंगा तो कठौती में गंगा आज भी समाज को अंतर्मन की पवित्रता, सामाजिक सद्भाव और नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

मंत्री पंवार ने कहा कि संत गुरु रविदास जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। उनके आदर्श समाज को जोड़ने, भेदभाव समाप्त करने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार संतों और महापुरुषों की गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही समरस, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, मोर्चा मंडल अध्यक्ष गगन चौहान, मंडल महामंत्री दीपक सामरे, सुमित सोलंकी, विष्णु साहू, गोपाल जाटव, दिलीप भार्गव, सोनू जाटव, रामबाबू प्रजापति, अरविंद शर्मा, हरीश शाक्यवार, शंकर अहिरवार, ओम छाईया, बनवारी कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story