राजगढ़ः मंत्री पंवार ने बच्चों को पिलाई पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद,अस्पताल का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः मंत्री पंवार ने बच्चों को पिलाई पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद,अस्पताल का किया निरीक्षण


राजगढ़, 28 जून(हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा सिविल अस्पताल में रविवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने छोटे बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की और अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।

अभियान के शुभारंभ के बाद मंत्री पंवार ने सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने तथा बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का पोलियो मुक्त बनने का संकल्प देश की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, टीकाकरण कार्यक्रमों को मजबूत करने और जनजागरूकता के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। हर बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना समाज और परिवार की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। अस्पतालों के उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, चिकित्सकों की नियुक्ति और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। आयुष्मान भारत योजना और नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों ने भी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, अस्पताल के अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा। मंत्री ने नागरिकों से पल्स पोलियो अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने और यह सुनिश्चित करने की अपील की कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story